बांद्राभान और मुख्यालय पर पर्यटन कार्य योजना की बैठक हुई, दर्शनीय स्थलों का बनेगा सर्किट

Post by: Rohit Nage

नर्मदापुरम। जिले में पर्यटन को लेकर अपार संभावनाएं हंै, जिले में ऐसे कई सुंदर और रमणीक स्थान हैं जो अब भी अनछुए से हैं, ऐसे नए स्थलों को पहचान दिलाने और उस क्षेत्र का विकास करने के लिए मध्यप्रदेश पर्यटन एवं जिला प्रशासन सतत कार्यरत है। इसी तारतम्य में जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के रेवासभा कक्ष में कलेक्टर सोनिया मीना की अध्यक्षता में पर्यटन स्थल बांद्राभान और जिला मुख्यालय के चिन्हित पॉइंट पर पर्यटन कार्य योजना की बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने बांद्राभान पर्यटन स्थल को विकसित करने की कार्य योजना बताई, साथ ही कलेक्टर सोनिया मीना ने बताया कि पर्यटन की दृष्टि से पर्यटकों के लिए बांद्राभान स्थल एक संपूर्ण पर्यटन साबित होगा। बांद्राभान में टेंट सिटी, टूरिज्म के तहत आने वाली गतिविधि, महोत्सव, एडवेंचर सहित पर्यटन स्थल बांद्राभान में समय-समय पर विभिन्न आयोजन एवं कार्यक्रम किए जाएं।

बांद्राभान में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कराएं जिससे स्थायनीय लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल बांद्राभान समय-समय पर विभिन्न आयोजन एवं कार्यक्रम होंगे तो स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ अन्य जगहों के पर्यटक भी बांद्राभान आएंगे। कलेक्टर सोनिया मीना ने जिला मुख्यालय पर पर्यटन कार्य योजना की पर्यटन से संबंधित अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की, और मुख्यालय पर स्थित चिन्हित सुंदर और रमणीक स्थलों का सर्किट बनाने और उन स्थलों पर व्यवस्था बनाने की भी चर्चा की।

बैठक में कलेक्टर ने मुख्य रूप से मुख्य नगर पालिका अधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेंड को निर्देश दिए कि नर्मदापुरम शहर में जितने भी पर्यटन स्थल और प्राचीन मंदिर एंव धरोहर हंै उनको चिन्हांकित कर वहां के इतिहास को जाने और जिला पर्यटन कार्य योजना के तहत उन्होंने शहर के पर्यटन स्थल आर्कषक और सुन्दर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि शहर के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर आकर्षक साईन बोर्ड एवं इमरजेंसी के नंबरों वाले बोर्ड लगाएं।

बैठक में कलेक्टर सोनिया मीना ने कहा कि शहर में पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए हमको उसका इतिहास जानना बहुत जरूरी है, जिससे उस पर्यटन स्थल को और आर्कषक बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल पर सिटी वॉक, लोकल स्वादिष्ट व्यंजन की दुकान, शॉपिग की दुकान, गाईड एवं रिक्शा सहित अन्य विभिन्न चीजें होनी चाहिए पर्यटन स्थल पर जिससे टूरिस्टों को आर्कषक लगे।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत, मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले, सिटी मजिस्ट्रेट असवन राम चिरावन, मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ दिनेश देहलवार, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्रीमती निशा चौहान, पीडब्ल्यूडी, जिला पर्यटन प्रबंधक मनोज सिंह ठाकुर, शिक्षा, नगर पालिका के इंजीनियर, डीएफओ, आईजीएस सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!