नर्मदापुरम। नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा के पास बीती रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे, बुधनी से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे ग्रामीणों की टवेरा गाड़ी अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस दर्दनाक भिड़ंत में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, टवेरा सवार सभी लोग गांव के राघवेंद्र मोरप्पा की शादी में शामिल होने बुधनी गए थे। वापसी के दौरान आंचलखेड़ा के पास क्रॉसिंग करते समय गाड़ी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के साइड से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में जान गंवाने वाले 5 लोगों में शुभम मोरप्पा (18), विनीत यादव (22), साहिल यादव (19), हरि सिंह (57) और संतोष प्रजापति शामिल हैं। वहीं, 7 घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद जिला अस्पताल में परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हताहतों का विवरण
मृतक (05)
- शुभम मोरप्पा (18), महेंद्रवाड़ी
- विनीत यादव (22), महेंद्रवाड़ी
- साहिल यादव (19), महेंद्रवाड़ी
- हरि सिंह (57), महेंद्रवाड़ी
- संतोष प्रजापति, माखननगर
घायल (07)
अमन यादव, विनोद उइके, भारत यादव, आकाश इवने, देवांश इवने, सुमित मोरप्पा और राजेश धुर्वे।









