इटारसी। नेशनल हाईवे 46 पर 9 अगस्त को हुए एक हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। एक बाइक पर तीन युवक सहेली स्टेडियम में हुए विश्व आदिवासी दिवस के सम्मेलन से लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ। बाइक सवार तीन युवकों को रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसा पेट्रोल पंप के पास शाम को 7:30 बजे हुआ। दुर्घटना में बाइक चला रहे युवक राधाकिशन चौहान 23 वर्ष की मौके पर मौत हो गई। 2 अन्य युवकों में से 1 गंभीर घायल है, जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार भोबदा रैयत निवासी राधाकिशन अपने साथी अशोक और मनोज के साथ बाइक से घर लौट रहा था। तभी अचानक रॉन्ग साइड से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर में राधाकिशन के सिर में गंभीर चोटें आईं उसने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। बाइक पर पीछे बैठे अशोक के घुटने में रॉड घुस गई, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। तीसरे साथी मनोज को मामूली चोटें आई है। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
शव को रात में ही सुखतवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां मेडिकल ऑफिसर डॉ. दीनबंधु बरुआ ने रविवार को पोस्टमार्टम किया। डॉ. बरुआ ने बताया कि मृतक की मौत सिर के पीछे लगी गंभीर चोट के कारण हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि घायल अशोक के घुटने में रॉड घुस गई थी, जिसके कारण उसे रेफर किया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।









