इटारसी। बुधवार दोपहर इटारसी रेलवे जंक्शन के अंतर्गत आने वाले ताकू रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में मालगाड़ी के लोको पायलट की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बैतूल निवासी विश्वनाथ बागद्रे 52 वर्ष, पिता रामाजी बागद्रे के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार लोको पायलट विश्वनाथ बगदरे आमला से मालगाड़ी लेकर इटारसी आ रहे थे। ताकू रेलवे स्टेशन पर सिग्नल नहीं मिलने के कारण उनकी मालगाड़ी को प्लेटफार्म नंबर-1 के पास रोकना पड़ा था।
गाड़ी रोकने के बाद वे ट्रेन से उतरकर ट्रैक के पास खड़े हुए थे। इसी दौरान दूसरी ट्रैक से गुजर रही एक अन्य ट्रेन की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आगे की जांच और कार्रवाई में जुट गई है।










