इटारसी। शहर में रविवार को आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत चलचित्र ‘शांति समय सागर’ का ट्रेलर लॉन्च किया। इस बहुप्रतीक्षित चलचित्र की पहली झलक ने उपस्थित दर्शकों को आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति-भाव से अभिभूत कर दिया। यह चलचित्र केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि संत शिरोमणि आचार्य समयसागर महाराज की प्रेरणादायी जीवन-यात्रा का सजीव और भावपूर्ण चित्रण है।

चलचित्र के मुख्य आकर्षण
- संस्कार से आचार्यत्व तक की गाथा : इसमें बालक शांतिनाथ के जन्म, बाल्यकाल के संस्कारों, शिक्षा, वैराग्य, साधना और आचार्य पद पर पदारोहण तक के आध्यात्मिक उत्कर्ष को बेहद संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारा गया है।
- भावपूर्ण पटकथा व मधुर संगीत : इस चलचित्र की पटकथा और सभी प्रेरणादायी गीत आर्यिका भावनामती माताजी की लेखनी से रचे गए हैं। कटनी के अमित कच्छेर ने इन भावपूर्ण रचनाओं को अपने मधुर गायन और संगीत से सजाया है। ट्रेलर लॉन्च के इस ऐतिहासिक अवसर पर आर्यिका भक्तिमति और आर्यिका सदयमति विशेष रूप से मंचासीन रहीं।
आध्यात्मिक मूल्यों से जोडऩे का पुनीत प्रयास
‘शांति समय सागर’ के माध्यम से आचार्य समयसागर के जीवन, संयम, तपस्या और त्याग की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का यह एक सार्थक प्रयास है। इस चलचित्र के दर्शन से निश्चित रूप से समाज को आध्यात्मिक मूल्यों और संस्कारों से गहराई से जुडऩे की प्रेरणा मिलेगी।










