- स्वास्थ्य और विकास का अनूठा संगम: रोगी कल्याण समिति के तहत अस्पताल परिसर में संवर रही है व्यवस्था
इटारसी। नगर के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की कड़ी में एक और सकारात्मक कदम उठाया गया है। स्थानीय नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल परिसर स्थित व्यावसायिक कॉप्लेक्स में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
अस्पताल परिसर के व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में यह कार्य हो रहा है, जिसकी देखरेख रोगी कल्याण समिति करती है। विधायक के विशेष प्रयासों से इसके लिए राशि प्राप्त हुई है, जिसके तहत वर्तमान में लगभग 20 लाख रुपए की लागत से पेबल ब्लॉक बिछाने, आकर्षक लाइटिंग और रेलिंग लगाने के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इन विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सुंदर, स्वच्छ और सुविधायुक्त वातावरण प्रदान करना है।
गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बारीकी से परखी और संबंधित अधिकारियों व इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक हित के इन कार्यों में उच्च गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आम जनता को लंबे समय तक इनका पूरा लाभ मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि भारत वर्मा, मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, सभापति मनजीत कलोसिया, वरिष्ठ नेता जय किशोर चौधरी, इंजीनियर आदित्य पांडे उपस्थित रहे। इस प्रकार के विकास कार्यों से न केवल अस्पताल परिसर का सौंदर्य बढ़ा है, बल्कि नागरिकों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े बुनियादी ढांचे को भी एक नई मजबूती मिली है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शहर हित में एक सराहनीय कदम बताया है।











