
हाथ में थामा तिरंगा, वंदे मातरम के साथ निकाली भारत जोड़ो यात्रा
– 30 किमी. की पैदल यात्रा में गांव-गांव से जुड़ता गया कारवां
इटारसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू की गई भारत जोड़ो यात्रा के तहत शनिवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन, मप्र युवक कांग्रेस एवं युवा एकजुट ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में इटारसी से नर्मदापुरम तक करीब 30 किमी लंबी पैदल यात्रा निकाली गई।
हाथ में तिरंगा और पार्टी का झंडा थामे कांग्रेस पार्टी के युवा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश और बुलंद इरादों के बूते इस यात्रा में भाग लिया। सुबह सारे कांग्रेसी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी विश्राम गृह परिसर में एकत्र हुए। यहां डीजे की धुन पर भारत जोड़ो यात्रा की धुन और देशभक्ति गीतों की धुन पर कांग्रेसियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण कर यहां वंदे मातरम और राष्ट्रगान गाया, इसके बाद सैकड़ों युवाओं के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा इटारसी से जयस्तंभ चौक, आरएमएस तिराहा, थाने के सामने से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए नर्मदापुरम के इंदिरा चौक पर पहुंची।
रास्ते में रैसलपुर, पवारखेड़ा, ब्यावरा गांव के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने यात्रा का स्वागत किया, साथ ही जगह-जगह युवाओं की टोलियां यात्रा में जुड़ती चली गईं। पहाडिय़ा तिराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई। हाथों में लहराता हुआ तिरंगा थामे युवाओं का जोश काबिले तारीफ था। वर्षा में जगह-जगह कीचड़ और गड्डों के बीच कठिन रास्तों से कारवां गुजरा। लंबे समय बाद क्षेत्र में इस तरह की भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेसियों का पार्टी के प्रति समर्पण और उत्साह देखने को मिला।
जुड़ेगा देश-प्रदेश
यात्रा संयोजक नेताओं ने कहा कि पूरे देश में आजादी के बाद एक नई क्रांंति का आगाज करने के लिए हमारे नेता राहुल गांधी के नेतृत्व निर्देशन में इस यात्रा का संकल्प लिया गया है। इस यात्रा के माध्यम से हम आम जनता और पार्टी से जुड़े लोगों को सक्रिय कर कांग्रेस की नींव को मजबूती और नई दिशा देने का काम करेंगे। आज आम जनता की तकलीफों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर अब कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पूरी पार्टी एकजुट होकर श्री गांधी के नेतृत्व में हर आम आदमी के दिल में जगह बनाने का काम कर रही है।