इटारसी। नगर के एक प्रतिष्ठित व्यापारी की मूंग दाल लेकर जयपुर के लिए निकला ट्रक लापता (Truck missing) हो गया है। इस घटना में व्यापारी को 21 लाख रुपए से अधिक का नुकसान उठाना पड़ा है। व्यापारी ने इसकी शिकायत पुलिस थाने में दर्ज करायी है।
दाल मिल व्यापारी विजय राठी (Trader Vijay Rathi) ने 8 नवंबर को मूंग दाल छिलका से भरे दो ट्रक साईं ट्रेडिंग कंपनी जयपुर (Sai Trading Company Jaipur) को भेजे थे। ट्रकों को 10 नवंबर को जयपुर पहुंचना था। एक ट्रक तो जयपुर पहुंचकर अनलोड भी हो गया। लेकिन, दूसरा ट्रक रास्ते से ही लापता हो गया है। ट्रक में 30 टन माल था, जिसकी कीमत 21 लाख 30 हजार 300 रुपए है। राठी ने बताया कि लापता हुए ट्रक के चालक से 10 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे बात हुई थी तो उसने बताया कि वह जयपुर से 30 किलोमीटर दूर है, जल्द ही पहुंच जायेगा। इसके बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया और ट्रक गंतव्य तक नहीं पहुंचा।
मंडीदीप का है ट्रक
जो ट्रक माल लेकर निकला है, वह न्यू सिंगाजी रोड लाइंस मंडीदीप (New Singaji Road Lines Mandideep) का है। श्री राठी ने हर जगह संपर्क कर लिया। लेकिन, ट्रक का कहीं पता नहीं चला है। इसके बाद उन्होंने इटारसी पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
पहली बार हुई ऐसी घटना
श्री राठी के अनुसान उनका परिवार 1948 से यह काम कर रहा है। लेकिन, कभी इस तरह की घटना का सामना उनको नहीं करना पड़ा है। यह पहली बार है कि उनके साथ यह घटना हुई है। अलबत्ता इटारसी के अन्य व्यापारियों के साथ पिछले वर्षों में इस तरह की घटनाएं होती रही हैं।
इस ट्रक में भेजा था माल
श्री राघव इंडस्ट्रीज फर्म (Shree Raghav Industries Firm) से ट्रक क्रमांक आरजे-14 जीसी 6008 में माल लेकर चालक कालूराम तेली एवं रामप्रकाश निकले थे। उनकी फर्म ने ब्रोकर सिद्धांत कमर्शियल कार्पोरेशन नांदेड़ महाराष्ट्र के प्रोपाइटर राजू भाई दरक के माध्यम से साईं ट्रेडिंग कंपनी वीकेआई जयपुर राजस्थान से 300 क्विंटल मूंग दाल छिलका का सौदा 21 लाख 30 हजार 300 रुपए में किया था।
इस तरह भरा था माल
ट्रक में 50-50 किलोग्राम के 600 कट्टे भरे थे जिनमें श्री राघव इंडस्ट्रीज इटारसी के स्टीकर लगे थे। यह ट्रक माल सहित 11 नवंबर को शाम 5:30 बजे तक नहीं पहुंचा तो फर्म साईं ट्रेडिंग कंपनी जयपुर के सुपरवाइजर किशन के मोबाइल पर संपर्क किया जिन्होंने उक्त माल उनकी फर्म को नहीं मिलना बताया। इसके बाद चालक कालूराम व रामप्रकाश के मोबाइल पर संपर्क किया था मोबाइल बंद थे।
रोड लाइंस से भी किया संपर्क
श्री राठी ने सिंगाजी रोड लाइंस मंडीदीप के प्रोपाइटर कैलाश गुप्ता (Proprietor Kailash Gupta) से भी संपर्क करके पूरी बात बतायी तो उन्होंने भी उनके स्तर पर तलाश किया किन्तु उक्त ट्रक एवं दोनों चालक तथा ट्रक सहित माल को कोई पता नहीं चला है। उन्होंने आशंका जतायी है कि दोनों चालकों ने उनकी मूंग दाल अमानत में खयानत करने की नीयत से कहीं गायब कर दिया है।








