नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप शुक्रवार 11 सितंबर को ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ के तहत जन संवाद शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को खत्म कर, सीधे संवाद के जरिए समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना था।
हितग्राहियों को मंच से मिला सीधा लाभ
शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत पात्र लोगों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 11 हितग्राहियों को ‘फूड बास्केट’ वितरित किए। साथ ही, महिला एवं युवा सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए ‘लाडली लक्ष्मी योजना’ की 5 बालिकाओं, ‘प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना’ की 5 महिलाओं और कॉलेज छात्रवृत्ति के 2 विद्यार्थियों को मंच से हितलाभ प्रदान किए गए।
उद्यमियों ने साझा की सफलता की कहानी
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण युवा उद्यमियों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा अपने अनुभव साझा करना रहा। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति, उद्योग विकास अनुदान और PMFME जैसी योजनाओं से लाभान्वित स्थानीय उद्यमियों अनुज पटेल, रोहित चौकसे, मोहित वर्मा, रतना चौधरी आदि ने बताया कि कैसे शासकीय मार्गदर्शन और वित्तीय सहयोग से उन्होंने खुद का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भरता की ओर सफलता के कदम बढ़ाए हैं।
‘संवाद से ही दृढ़ होता है जनविश्वास’
शिविर में उपस्थित पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि जब अधिकारी और जनप्रतिनिधि स्वयं जनता के बीच जाकर समस्याओं का समाधान करते हैं, तो इससे जनविश्वास और अधिक मजबूत होता है। राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने जोर देते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। वहीं, अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने इस अभियान और रोजगार मेलों के नवाचार को समस्याओं के समाधान का एक सशक्त और पारदर्शी माध्यम बताया।
उद्यमिता विकास और साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें नौकरी मांगने वाले की जगह ‘रोजगार देने वाला’ उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा ने बढ़ती डिजिटल ठगी को लेकर नागरिकों को आगाह किया। उन्होंने अपील की कि किसी भी तरह के साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 डायल करें और जीवन की सुरक्षा के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग जरूर करें।










