इटारसी। ग्राम अहीरपुरा केसला में मामा के घर बैठने की बात को लेकर हुए विवाद में दो सगे भाइयों ने एक अधेड़ व्यक्ति पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी सागर मैना 40 वर्ष, निवासी अहीरपुरा केसला बुधवार रात करीब 9 बजे गांव के ही घासीराम मेहरा के घर पर मौजूद थे। इसी दौरान पुरानी बात को लेकर गांव के ही अनिल पवार और सुनील पवार ने उनसे विवाद शुरू कर दिया।
विवाद इतना बढ़ा कि दोनों भाइयों ने मिलकर सागर मैना के साथ गाली-गलौज की और लकड़ी के डंडे से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पीडि़त ने केसला थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।











