नर्मदापुरम। थाना देहात पुलिस ने डामर प्लांट से ₹6 लाख की कीमत का भारी-भरकम जनरेटर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का जनरेटर और वारदात में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया है।
क्या था मामला?
बीती 3 जुलाई को फरियादी रुपेश मालवीय (निवासी ईशान परिसर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुलामड़ी बायपास रोड स्थित उनके डामर प्लांट से अज्ञात चोरों ने अशोक लीलैंड कंपनी का एक बड़ा जनरेटर (82.5 KV) चोरी कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्णा एस थोटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उषा मरावी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
ऐसे धरे गए आरोपी
कपिल गौर (उम्र 35 वर्ष, निवासी मंगवारी): तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सबसे पहले कपिल को उसके गांव से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 1 जुलाई की रात उसने अपने साथी सुमित दुबे के साथ मिलकर जनरेटर को अपने स्वराज 855 ट्रैक्टर से बांधकर चोरी किया था। पुलिस ने कपिल से घटना में प्रयुक्त लाल रंग का ट्रैक्टर जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
सुमित दुबे (निवासी मंगवारी): वारदात के बाद से ही आरोपी सुमित पुलिस को छकाने के लिए लगातार इंदौर, नागपुर और रायपुर (छत्तीसगढ़) में अपना हुलिया और ठिकाने बदल-बदलकर फरार चल रहा था। आखिरकार मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने उसे नर्मदापुरम कस्बे से धर दबोचा। उसकी निशानदेही पर ₹6 लाख का जनरेटर बरामद कर लिया गया।दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा (जेल) भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक खुमान सिंह पटेल, सउनि सुखनंदन नरें, प्रवीण शर्मा, प्र.आर. नवीन दुबे सहित आरक्षक कपिल विश्वकर्मा, जितेंद्र सिंह, ललित पटेल, संजू और बबलू की सराहनीय भूमिका रही।











