इटारसी। शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, इटारसी में तकनीकी शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार एवं प्राचार्य श्री आर. के. चोलकर के संरक्षण में संचालित ‘पुस्तक पहल’ के तहत दो दिवसीय पुस्तक समीक्षा कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि विकसित करना तथा नैतिक मूल्यों एवं सकारात्मक चिंतन को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के प्रथम दिन 3 नवंबर 2026 को नोडल ऑफिसर श्री आकाश गर्ग एवं पल्लवी नरवरे के मार्गदर्शन तथा ईटी (ET) विभाग से लखन लाल कोरी के नेतृत्व में महात्मा गांधी की सुप्रसिद्ध आत्मकथा ‘द एक्सपेरिमेंट्स विद ट्रुथ (सत्य के प्रयोग)’ पर परिचर्चा हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने गांधी जी के जीवन अनुभवों और अहिंसा के महत्व पर अपने विचार रखे।
वहीं दूसरे दिन 4 नवंबर 2026 को ईटी/सीएस (ET/CS) विभाग से इति महालहा के नेतृत्व में महान कथाकार मुंशी प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी ‘पूस की रात’ पर समीक्षा सत्र आयोजित किया गया, जहाँ विद्यार्थियों ने कहानी के पात्र ‘हल्कू’ के संघर्षों और सामाजिक परिस्थितियों पर अपने दृष्टिकोण प्रस्तुत किए। इन दोनों दिनों के गरिमामय आयोजन में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और 100 से अधिक विद्यार्थी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।











