इटारसी। गणेश उत्सव से पहले, वर्धमान जूनियर स्कूल में एक दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 1 से 6 तक के विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों के साथ मिलकर मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाना सीखा।
इस कार्यशाला का संचालन प्रसिद्ध मूर्तिकार विवेक रैकवार ने किया। उन्होंने बच्चों को मूर्ति बनाने की विधि, उसके आकार और मिट्टी से मूर्ति गढ़ने की बारीकियों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बच्चों को यह भी बताया कि मिट्टी की प्रतिमाएं पर्यावरण के अनुकूल होती हैं, क्योंकि वे पानी में आसानी से घुल जाती हैं और प्रदूषण नहीं फैलातीं।इस आयोजन में बच्चों और उनके अभिभावकों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
बच्चों के छोटे हाथों से बनी प्रतिमाएं देखने लायक थीं। स्कूल के चेयरमैन प्रशांत जैन ने बताया कि ऐसी गतिविधियां बच्चों की रचनात्मकता और धैर्य को बढ़ाती हैं और उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़ती हैं। वर्धमान जूनियर की निदेशक प्रशस्ति जैन ने मूर्तिकार विवेक रैकवार का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह अनुभव बच्चों के लिए अविस्मरणीय था।
कार्यक्रम के अंत में, सभी बच्चों की बनाई गई गणेश प्रतिमाओं की खूब प्रशंसा की गई। इस कार्यशाला को सफल बनाने में जूनियर विंग के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।








