इटारसी। अग्रवाल भवन में भारतीय मानव अधिकार सहकार ट्रस्ट के तत्वावधान में दो दिवसीय स्वावलंबन प्रदर्शनी इटारसी के साथ-साथ नर्मदापुरम, बैतूल और मुंबई की महिला उद्यमियों ने हिस्सा लिया और अपने हस्तकौशल तथा हुनर से सभी आगंतुकों को अचंभित कर दिया।
‘वोकल फॉर लोकल’ की झलक
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण दीपावली और करवा चौथ जैसे आगामी त्योहारों से संबंधित सामग्री का एक ही जगह उपलब्ध होना था, जिससे ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। यहां महिलाओं के हुनर से तैयार उत्पादों की एक बड़ी श्रृंखला देखने को मिली।
- कला और वस्त्र : कलात्मक ज्वेलरी, वाघ प्रिंट, चंदेरी और वर्ली आर्ट के साथ-साथ फैंसी साडिय़ों की बड़ी रेंज।
- हस्तशिल्प और लाइफस्टाइल : ऑर्गेनिक फूड, हैंड बेग्स, ग्रो बैग्स, कॉस्मेटिक्स, फिटनेस उत्पाद, हैंडलूम और रेजिन आर्ट।
- विशेष आकर्षण : रत्न जडि़त मां लक्ष्मी जी की मूर्ति आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा, अचार, मिठाई और नमकीन व्यंजनों की भी खूब बिक्री हुई।
उद्घाटन और महिला सशक्तिकरण का उद्देश्य

प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और समाजसेवी श्रीमती नीरजा फौजदार ने किया। ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा अग्रवाल ने इस आयोजन का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के सपने से प्रेरणा लेते हुए, यह प्रदर्शनी घर से काम करने वाली महिलाओं को एक नई पहचान दिलाने और उनके उत्पाद को सर्व सुलभ बनाने के लिए एक मंच प्रदान करती है। इसका मुख्य लक्ष्य स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत की भावना को प्रोत्साहन देना है।
मुख्य अतिथि डॉ. शर्मा ने अपने संबोधन में ऐसे आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि ये समाज में आत्मनिर्भरता की भावना को सशक्त करते हैं और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। प्रदर्शनी का समापन राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नरोलिया के हाथों किया गया। सांसद ने सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महिला उद्यमी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के सपने को साकार कर रही हैं और स्वदेशी की अवधारणा को आगे बढ़ा रही हैं।
प्रदर्शनी में भाग लेने वाली महिला उद्यमियों ने अपने अनुभव को सुखद बताया और मांग की कि ऐसे आयोजन की अवधि को अब कम से कम सात दिन का किया जाना चाहिए। सचिव श्रीमती कामिनी शर्मा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, सीएमओ रितु मेहरा, उपनिरीक्षक श्रद्धा राजपूत सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।








