इटारसी। नगर पालिका में अपनी लगभग 15 वर्षों की लंबी और समर्पित सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुईं दो महिला कर्मचारियों, श्रीमती सावित्री बाई पत्नी वेदप्रकाश और श्रीमती कमला बाई पत्नी शिवप्रसाद को भावभीनी विदाई दी गई।
नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने सेवानिवृत्त हुईं दोनों कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। सम्मान समारोह के दौरान एक आत्मीय क्षण तब देखने को मिला जब अस्वस्थता के कारण श्रीमती सावित्री बाई ऊपर आने में असमर्थ रहीं, तो उनकी सेवा भावना का सम्मान करते हुए नपा अध्यक्ष स्वयं नीचे गए और उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर श्री चौरे ने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल शासकीय दायित्वों से विराम है, समाज के प्रति जिम्मेदारी हमेशा बनी रहती है। कार्यक्रम में नर्मदापुरम के संभागीय संयुक्त संचालक, कार्यपालन यंत्री मीनाक्षी चौधरी और ओएस राजेंद्र शर्मा सहित नगर पालिका के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।











