नर्मदापुरम। नर्मदा नदी के सेठानी घाट पर इटारसी के दो नाबालिग किशोरों की नदी में डूबने से मौत हो गयी। दोनों की उम्र करीब 15 वर्ष है जो इटारसी के समीप मेहरागांव और सोनासांवरी के रहने वाले हैं। घटना सुबह 9 से 10 बजे की बताई जा रही है।
भंडारा के लिए आए थे मंगलवारा घाट
दोनों का परिवार और रिश्तेदार आज मोहिनी एकादशी के भंडारे के लिए नर्मदा नदी के मंगलवारा घाट पर आए थे। दोनों किशोर नहाने का कहकर सुबह 9 बजे सेठानी घाट के लिए निकले थे। डेढ़ दो घंटे बाद भी नहीं लौटने पर परिजनों ने उन्हें ढूंढना शुरू किया। सोशल मीडिया पर भी दोनों की तस्वीर डालकर लापता होने का मैसेज पोस्ट किया। परिजन ढूंढते हुए सेठानी घाट पहुंचे। घाट पर सीढ़ी पर उनके कपड़े दिखे। फिर उनकी तलाश शुरू की।
घाट पर मौजूद होमगार्ड स्टाफ और गोताखोरों ने दोनों लड़कों को नदी में ढूंढना शुरू किया। दोपहर करीब पौने दो बजे दोनों बालक को रेस्क्यू कर निकाला गया। लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार दोनों नहाते समय गहरे पानी में जाने से डूब गए। घाट पर मौजूद होम गार्ड स्टाफ और गोताखोरों ने दोनों लड़कों को ढूंढऩे के लिए तलाश शुरू की।

करीब एक घंटे तक चली सर्च के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।