इटारसी। जापान में खेली जा रही अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब खिताबी मुकाबले में शनिवार, 6 जून को भारत का सामना मेजबान जापान से होगा।
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत में नर्मदापुरम जिले का गौरव भी शामिल है, क्योंकि पुरुष टीम में जिले के दो होनहार खिलाड़ी ग़ाज़ी खान और अंश बहुतरा देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, वहीं महिला टीम में भी जिले की महक परिहार भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
ध्यानचंद चौक पर मना जीत का जश्न, बांटी मिठाई
भारतीय टीम द्वारा पाकिस्तान को धूल चटाने की खबर मिलते ही शाम लगभग 6 बजे हॉकी नर्मदापुरम के तत्वावधान में जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने शहर के प्रमुख ध्यानचंद चौराहे पर एकत्र होकर जमकर जश्न मनाया। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर युवा खिलाड़ियों ने जमकर आतिशबाजी की।
देशभक्ति के गगनभेदी उद्घोषों के बीच सभी खेल प्रेमियों का मुंह मीठा कराया गया। इस दौरान जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह तोमर, सचिव साजिद मलिक, कोच कन्हैया गुरयानी और कोषाध्यक्ष सर्वजीत सिंह सैनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने भारतीय टीम को फाइनल मुकाबले में जापान के खिलाफ खिताबी जीत दर्ज करने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।










