इटारसी। शनिवार को अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भारत ने जापान को शिकस्त देकर शानदार विजय हासिल की है। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत से पूरे देश का नाम रोशन हुआ है।
देश की इस गौरवमयी उपलब्धि पर जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। जीत की खुशी में स्थानीय गांधी मिनी स्टेडियम से एक भव्य विजय जुलूस निकाला गया। ढोल-नगाड़ों और भारत माता की जय के गगनभेदी उद्घोष के साथ शुरू हुआ यह जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जय स्तंभ चौक पहुंचा।
जमकर थिरके खिलाड़ी और खेल प्रेमी
जय स्तंभ चौक पर जश्न का माहौल देखते ही बनता था। हॉकी संघ के पदाधिकारियों, युवा खिलाड़ियों और हॉकी प्रेमियों ने ढोल-धमाकों की थाप पर जमकर नृत्य किया। इस दौरान पूरा माहौल देशप्रेम और खेल के उत्साह से सराबोर नजर आया।
खिलाड़ियों का हुआ स्वागत, बांटी मिठाई
इस ऐतिहासिक पल पर जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियों द्वारा युवा हॉकी खिलाड़ियों को पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया गया और उनका हौसला बढ़ाया गया। सभी का मुंह मीठा कराकर जीत की खुशियां साझा की गईं। हॉकी नर्मदापुरम के कोच कन्हैया गुरयानी ने बताया कि भारतीय टीम ने इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया है। यह जीत आने वाले युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
भारतीय हॉकी टीम में नर्मदापुरम जिले से दो पुरुष खिलाड़ी ग़ाज़ी खान और अंश बहुतरा तथा महिला टीम में महक परिहार प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इस अवसर पर मुख्य रूप से राजेंद्र सिंह तोमर अध्यक्ष, जिला हॉकी संघ, सचिव साजिद मलिक, कोच कन्हैया गुरयानी कोषाध्यक्ष सर्वजीत सिंघ सैनी, मोहम्मद इदरीश खान, दीपक अग्रवाल, राजेश शर्मा, प्रकाश दुबे, महबूब खान, राजेश पंडित, आशीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय हॉकी खिलाड़ी, खेल प्रेमी और नागरिक उपस्थित रहे।











