इटारसी। एकलव्य इंटरनेशनल स्कूल, इटारसी के विद्यार्थियों ने पुलिस के सहयोग से नशे से दूरी है जरूरी विषय पर जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस अवसर पर इटारसी के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेंद्र कुमार मिश्रा एवं थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने दो प्रमुख स्थलों रेलवे माल गोदाम और जयस्तंभ चौक पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को समाज के समक्ष प्रस्तुत किया।
इस नाटक में विशेष रूप से यह दर्शाया गया कि कैसे कक्षा 12 वीं के बाद उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने वाले युवा अक्सर नशे की लत का शिकार हो जाते हैं। विद्यार्थियों ने अभिनय के माध्यम से यह भी बताया कि शराब और सिगरेट जैसी लत कैसे युवाओं को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाती हैं और महिलाओं के प्रति हिंसा में भी वृद्धि करती है। नाटक का उद्देश्य समाज को यह संदेश देना था कि नशे से केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है।
कार्यक्रम के पश्चात सभी विद्यार्थियों ने इटारसी पुलिस थाने का भी भ्रमण किया, जहां के टीआई के कक्ष में पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को मोटिवेशनल स्पीच दी गई, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना और मजबूत हुई। स्कूल के डायरेक्टर सतेन्द्रपाल सिंह जग्गी, रश्मीत सिंह जग्गी, श्रीमती सरबजीत कौर एवं प्रधानाचार्या श्रीमती वर्षा नायडू ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें भविष्य में भी समाज के प्रति अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया।












