इटारसी। महिला कर्मचारियों (female employees) को संस्कृति, प्रकृति, स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व विकास के प्रति उत्कृष्ट आयाम देने और योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता बढ़ाने के लिए डीजल लोको शेड इटारसी में शेड की इच्छुक महिला कर्मचारियों का एक समूह ‘तापसी’ का गठन किया है। महिला कर्मचारियों तक आवश्यक सूचनाओं को पहुंचाने के लिए ‘तापसी’ नाम का व्हाट्सएप समूह भी बनाया गया है। मंगलवार को इस समूह की प्रथम बैठक की गयी, जिसमें संचालन स्नेहा जोशी (Directed by Sneha Joshi) ने किया एवं शेड की महिलाओं ने प्रेरणादायक गीत, कविता, एवं नृत्य द्वारा महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में अधिकारियों की पत्नियों ने भी अपने अनुभव और संबोधन द्वारा महिला कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (डीजल) अजय कुमार ताम्रकार ने एक प्रस्तुति दी, जिसमें शेरिल सैंडबर्ग (मुख्य संचालन अधिकारी, फेसबुक) एवं अन्य विख्यात महिलाओं के उद्धरण द्वारा महिला कर्मचारियों को प्रेरित किया एवं महिला समूह की आवश्यकता, उद्देश्य और अवसरों के विषय में संक्षिप्त जानकारी दी। श्री ताम्रकार ने महिला कर्मचारियों को कार्य-जीवन संतुलन, तनाव, और स्वास्थ पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इस समूह के माध्यम से महिलाएं एक दूसरे की सहायक बनेगी, जिससे उनकी प्रतिभा में निखार आएगा और वो अपने कार्यक्षेत्र में भी संतुष्टि का अनुभव कर पाएंगी।