इटारसी। बस स्टैंड के पीछे एक इलेक्ट्रिक की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गयी थी। सूचना पर पहुंची नगर पालिका की दमकल ने आग पर काबू पा लिया। इस दौरान बिजली विभाग ने विद्युत कनेक्शन विच्छेद कर दिया था। दुकानदार के मुताबिक उनको इस आगजनी से 20 से 25 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। जनता मार्केट बस स्टैंड के पीछे अमित जैन नामक दुकानदार की जैन इलेक्ट्रिक नामक दुकान में शाम साढ़े सात से पौने आठ बजे की बीच विद्युत शार्ट सर्किट से आग लगने की सूचना है।
नगर पालिका की दमकल ने एक तरफ से आग बुझायी तो दूसरी तरफ फिर लपटें उठने लगी, दूसरी तरफ से पानी की बौछारें डाली गई हैं। आग की लपटेें भी काफी तेज हो गयी थी, लेकिन तत्काल मौके पर पहुंची फायर गाड़ी की मदद से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुुरु कर दिया गया था जिससे आग अन्य दुकानों में नहीं फैली। दुकान में प्लास्टिक के पाइप, विद्युत वायर सहित प्लास्टिक का अन्य सामान, विद्युत पंप, मोटरें आदि होने से आग तेजी से फैली और लगातार पानी डालने के बावजूद कहीं न कहीं से आग भड़क उठाती थी। बमुश्किल आग पर काबू पाया गया।
समाचार लिखे जाने तक दुकानदार और उनके साथी सामान बाहर निकालने में लगे थे। यहां मोटर पंप सहित अन्य इलेक्ट्रिक का सामान बेचा जाता है। दुकानदार अमित जैन ने बताया कि कृषि का सीजन प्रारंभ होने से दुकान में कुछ दिन पूर्व ही माल भरा था, जिसमें से ज्यादातर जलकर राख हो गया है। जो पाइप बचे हैं, वे भी कहीं न कहीं से जले और पिघल गये हैं जो किसी काम के नहीं हैं। उनको 20-25 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।











