इटारसी। सिटी पुलिस ने आज सुबह थाना क्षेत्र के ग्राम सोमलवाड़ा खुर्द फोरलेन के पास से अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर एसआई सुरेश चौहान के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में एक कार से 25 पेटी (करीब 205 लीटर) अवैध शराब जब्त की गई है। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी मौके से कार छोड़कर फरार हो गया। करीब ढाई लाख रुपए की शराब बतायी जा रही है।
टी आई सौरभ पांडे ने बताया कि पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में एसआई सुरेश चौहान के साथ आरक्षक राजकुमार झपाटे, महेंद्र गुर्जर और अतुल गुर्जर की अहम भूमिका रही।
शराब माफियाओं के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को लेकर टीआई सौरभ पांडे ने बताया कि पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। सुबह करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की गाड़ी में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सब-इंस्पेक्टर सुरेश चौहान और उनकी टीम को मौके पर भेजा गया।पुलिस टीम ने सुबह करीब 6 बजे एक सफेद गाड़ी को रोका, लेकिन उसमें सवार लोग मौके से भाग निकले।
गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 25 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। इस शराब में 15 पेटी सफेद, 4 पेटी 4PM और कुछ आरसी (RC) ब्रांड की शराब शामिल है। पुलिस ने मौके से गाड़ी और उसमें मिले कुछ कागजात विधिवत रूप से जब्त कर लिए हैं। इस मामले में धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए आरटीओ (RTO) की मदद से गाड़ी के मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा आबकारी विभाग के माध्यम से यह पता लगाया जा रहा है कि यह शराब कहां से लाई गई थी। टीआई ने बताया है कि जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।











