इटारसी। यूजीसी के विवादित प्रावधानों को वापस लेने और आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर बुधवार शाम हनुमान धाम मंदिर में सवर्ण समाज की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में तय रूपरेखा के अनुसार, गुरुवार (आज) दोपहर 12 बजे समाज के लोग पुरानी इटारसी स्थित त्रिशला नंदन गार्डन में एकत्रित होंगे और यहां से एसडीएम कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
अखंड राजपूताना सेवा समिति, परशुराम सेना और सर्व ब्राह्मण समाज ने इस आंदोलन को आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई बताते हुए, सभी सवर्ण समाज के लोगों से आज के ज्ञापन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।











