इटारसी। वैश्य महासम्मेलन महिला इकाई इटारसी ने वैदिक नववर्ष विक्रम संवत 2083 और वैश्य दिवस का आयोजन किया। इस अवसर पर समाज की महिलाओं ने एकत्रित होकर हर्षोल्लास के साथ नव संवत्सर का स्वागत किया और वैश्य एकता का संकल्प लिया।
रंगोली और दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती वर्षा अग्रवाल के निवास पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में वैश्य सखियां सम्मिलित हुईं। आयोजन की शुरुआत आकर्षक रंगोली सजाकर और दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके पश्चात सभी सदस्यों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और परस्पर नववर्ष की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के दौरान वैश्य एकता के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा।
सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर चर्चा
जिलाध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा अग्रवाल ने इस अवसर पर हिंदू नववर्ष और गुड़ी पड़वा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, यह दिन सृष्टि की रचना का प्रतीक है और हमें जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का अवसर प्रदान करता है। गुड़ी पड़वा समृद्धि और नई ऊर्जा का संदेश देता है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर अध्यक्ष अंजू गुप्ता, प्रभारी रंजीता सोनी, रेखा अग्रवाल, भावना अग्रवाल, वर्षा अग्रवाल, शोभा अग्रवाल और पुष्पा अग्रवाल सहित समाज की अन्य महिला सदस्य उपस्थित रहीं।










