इटारसी। शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में इटारसी के वर्धमान पब्लिक स्कूल ने राष्ट्रीय पटल पर अपनी सफलता का परचम लहराया है। विद्यालय के मेधावी छात्र युवराज राठौर ने देश की विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में ऐतिहासिक रैंकिंग हासिल कर विद्यालय का नाम पूरे देश में रोशन किया है।
छात्र की इस अभूतपूर्व सफलता को देखते हुए भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री माननीय अमित शाह के कार्यालय से एक विशेष शासकीय प्रशंसा आदेश जारी किया गया है। इस आधिकारिक प्रपत्र में छात्र की सफलता में वर्धमान पब्लिक स्कूल के अतुलनीय योगदान, मार्गदर्शिका योगिता स्वर्णकार तथा विद्यालय के निदेशक प्रशांत जैन की भूमिका की विशेष सराहना की गई है।
राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त गौरवशाली कीर्तिमान
युवराज राठौर ने अपनी उत्कृष्ट वैचारिक क्षमता और कठोर परिश्रम के बल पर निम्नलिखित राष्ट्रीय रैंकिंग प्राप्त की है।
- ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा : राष्ट्रीय स्तर पर अखिल भारतीय रैंक 2
- नवोदय विद्यालय समिति : राष्ट्रीय स्तर पर रैंक-2 एवं संपूर्ण मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान।
- राष्ट्रीय कैडेट प्रबंधन संस्थान परीक्षा : राष्ट्रीय स्तर पर अखिल भारतीय रैंक 5।
- राष्ट्रीय सैन्य स्कूल प्रवेश परीक्षा : राष्ट्रीय स्तर पर अखिल भारतीय रैंक 18।
- राष्ट्रीय सैन्य स्कूल संयुक्त रक्षा प्रवेश परीक्षा : राष्ट्रीय स्तर पर अखिल भारतीय रैंक 23।
अल्पायु में प्रशासनिक अनुभव और भविष्य के लिए नीतिगत निर्णय
यह अत्यंत गौरव की बात है कि वर्धमान पब्लिक स्कूल का यह होनहार छात्र वर्तमान में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय में जूनियर स्टूडेंट सलाहकार के पद पर कार्यरत है। छात्र की इस अद्वितीय योग्यता को देखते हुए भारत सरकार ने नीतिगत निर्णय लिया है कि भविष्य में जब भी युवराज राठौर क्कस्ष्ट की सिविल सेवा परीक्षा में सम्मिलित होंगे, तब उन्हें उनकी इच्छानुसार किसी भी संवर्ग सेवा—जैसे IAS, IPS, IRS या IFS के आवंटन हेतु नियमावली के अंतर्गत उच्चतम प्राथमिकता एवं सर्वोच्च वरीयता प्रदान की जाएगी।
माता-पिता का त्याग और गृह मंत्री का विशेष संदेश
इस बहुआयामी सफलता का श्रेय छात्र की मेहनत के साथ-साथ उनके माता-पिता श्रीमती मोना राठौर एवं राजकुमार राठौर के अटूट त्याग को जाता है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छात्र को विशेष संदेश देते हुए कहा, युवराज राठौर, भारत सरकार पूरी तरह से आपके साथ है। अब आपको कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाओं और अपनी पढ़ाई पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित करना है। वर्धमान पब्लिक स्कूल परिवार ने छात्र की इस विशिष्ट राष्ट्रीय सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।











