इटारसी। ‘हर घर तिरंगा हर घर स्वच्छता’ एवं ‘स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के संग’ की थीम पर प्रदेश भर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। नर्मदापुरम जिले में भी अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान सामूहिक उत्सव और नागरिक कर्तव्यों की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें स्वच्छ और सुजल गांव की अवधारणा (स्वच्छता और जल सुरक्षा) को स्वतंत्रता की भावना से जोड़ते हुए,WASH (Water, Sanitation and Hygiene) की संकल्पना को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि सतत् स्वच्छता, सुरक्षित जल आपूर्ति और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वच्छता को सुनिश्चित किया जा सके।
उक्त अभियान के तहत 11 अगस्त तक ग्राम स्तर में स्वच्छता अभियान, रंगोली, पेंटिंग एवं झांकियो का आयोजन सहित 12 अगस्त को WASH अवसंरचना स्वच्छता दिवस मना कर देश भक्ति थीम पर एसडब्ल्यूएम जल संरचनाओं की रंगाई पुताई की जाएगी। इसी प्रकार 13 अगस्त को अपशिष्ट प्रबंधन तकनीकों (खाद बनाना एवं कचरे का पृथकीकरण), शौचालयों का रखरखाव, जल संरक्षण, ग्राउंडवाटर रिचार्ज, जल स्त्रोतों की सुरक्षा,सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबन्ध पर जागरूकता,VWSC/सामुदायिक बैठकें एवं स्वछता से सम्बंधित चुनौतियों एवं,उपलब्ध समाधानों पर चर्चा आदि गतिविधियों को किया जायेगा।
14 एवं 15 अगस्त तक स्वतंत्रता दिवस की तैयारी एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजन के तहत सार्वजनिक स्थलों (जैसे गाँव की सड़कें, चौपाल, हाट बाज़ार, एवं स्वछता संरचनाओं, आदि) की सफाई और सजावट, ‘हर घर तिरंगा’ के तहत घरों में झंडारोहण, स्वच्छता चैंपियनों का सम्मान तथा ध्वजारोहण समारोह के उपरान्त स्वच्छता चैंपियन एवं स्वयं सेवकों का सम्मान किया जायेगा। अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में विभिन्न अधिकारियों की ड्यूटी लगाकर समस्त कार्यों के संपादन के निर्देश दिए गए हैं।











