इटारसी। सनातन धर्म के अत्यंत पावन उत्सव ‘देव दीपावली’ के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति ने नर्मदापुरम में बड़े उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया। गांधीनगर स्थित चामुंडा चौराहे पर पंचवटी हनुमान मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओंं ने हिस्सा लिया।
151 दीपों से सजी देव दीपावली
महिलाओं ने धार्मिक आस्था का प्रदर्शन करते हुए 151 दीयों की मदद से प्रतीकात्मक रूप से ‘जय श्री राम’, ‘स्वास्तिक’ और ‘ओम’ जैसे पवित्र चिन्हों को बनाया। इस अद्भुत दृश्य ने पूरे परिसर को आलोकित कर दिया। आयोजन के दौरान, सभी उपस्थित मातृशक्ति ने सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया और फिर आरती की। इसके बाद, बूंदी का भोग लगाकर उसे प्रसादी के रूप में वितरित किया गया।
देव दीपावली का महत्व
नगर संयोजिका अनीता तिवारी ने इस पावन पर्व के महत्व को बताते हुए कहा कि सनातन मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शंकर ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का संहार करके देवताओं को उसके अत्याचार से मुक्ति दिलाई थी। इसी खुशी में देवताओं ने आनंद स्वरूप दीप जलाकर उत्सव मनाया था, जिसे देव दीपावली के रूप में जाना जाता है।
इस आयोजन में मुख्य रूप से जिला संयोजिका तरुणा सोनी, नगर सह संयोजिका आरती मालवीय, सत्संग प्रमुख अर्चना सातपुते, रानी मनवारे, मीरा तिवारी, अंजलि नागेश, कुसुम मेहरा, सुषमा यादव, पार्वती पटेल, अल्पना दुबे, अनिता राठौर, पुष्पा मौर्या, मधु मौर्य, सुमन चौहान, पूजा सोनी और चंद्रकला नागवंशी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रहीं। विहिप के जिला मंत्री चेतन सिंह राजपूत और जिला प्रचार प्रसार प्रमुख अनुरुद्ध चंसौरिया का विशेष सहयोग रहा।








