नर्मदापुरम। शहर के प्रतिष्ठित अग्निहोत्री गार्डन में विक्टोरियस क्रिकेट क्लब क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि एडिशनल एसपी अभिषेक राजन, पूर्व न्यायाधीश गिरीश दीक्षित और डॉ. अतुल सेठा ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया।
मैदान पर पसीना बहाना जीवन की चुनौती का अभ्यास
शुभारंभ अवसर पर एडिशनल एसपी अभिषेक राजन ने कहा कि खेल हमें जीत में विनम्रता और हार में धैर्य सिखाता है। उन्होंने खिलाडिय़ों को क्रिकेट किट भेंट करते हुए कहा कि खेल ही वह कड़ी है जो समाज को स्वस्थ और एकजुट रखती है। इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी राकेश फौजदार और खेल अधिकारी सुश्री उमा पटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
डॉक्टर-11 ने पत्रकार-11 को हराया
टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच पत्रकार-11 और डॉक्टर-11 के बीच खेला गया। पत्रकार-11 के कप्तान प्रफुल्ल तिवारी और कुणाल तिवारी की शानदार बल्लेबाजी के दम पर टीम ने 8 ओवर में 65 रन बनाए। गेंदबाजी में अभिषेक मालवीय ने घातक प्रदर्शन करते हुए एक ही ओवर में तीन विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डॉक्टर-11 ने डॉ. अनुराग तिवारी, डॉ. विजय छाबडिय़ा और कप्तान डॉ. राजकुमार गक्खर की पारियों की बदौलत मात्र 6 ओवर में जीत दर्ज की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए डॉ. अनुराग तिवारी और प्रफुल्ल तिवारी को संयुक्त रूप से ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
मैच के दौरान पुरुषोत्तम मालवीय, राजेश तिवारी, राजीव अग्रवाल, विजय कुमार कुंभारे, प्रदीप गुप्ता, दया रामपाल, इंद्र कुमार सोनी, सीमा केतवास, हेमंत राजपूत, मनोज सोनी और गोविंद चौधरी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे।










