- – 13 लाख का मुआवजा, पेंशन और नौकरी—कंपनी ने स्टाम्प पेपर पर झुककर किया समझौता
इटारसी। मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी की घोर लापरवाही ने एक गरीब परिवार का इकलौता चिराग बुझा दिया। लेकिन आज, सिस्टम की उदासीनता के सामने इटारसी-रामपुर क्षेत्र के आधे दर्जन से अधिक गांवों की जनता एकजुट होकर खड़ी हो गई और अपनी ताकत से प्रशासन को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
शव लेकर सब स्टेशन पहुंचे ग्रामीण
इटारसी-रामपुर थानाक्षेत्र के ग्राम पानबर्री में 1 दिसंबर को करंट लगने से मृत हुए आउटसोर्स कर्मचारी राम प्रसाद भल्लावी का शव लेकर आज सैकड़ों ग्रामीण गुर्रा बिजली सब स्टेशन पर पहुँच गए। मृतक रामप्रसाद जो 8 साल से हेल्पर के तौर पर कार्यरत थे, उनका पार्थिव शरीर सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने विभाग की आपराधिक लापरवाही के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
मार्मिक दृश्य
प्रदर्शन के दौरान, सब स्टेशन पर पिछले 24 घंटे से ताला लटका था। ग्रामीण, भाजपा नेता आशुतोष शरण तिवारी के नेतृत्व में, सड़क पर डटे रहे, जिसके कारण इटारसी-रामपुर मार्ग पर करीब तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप्प रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, रामपुर थाने से पुलिस बल की मौजूदगी में आखिरकार एई सतीश पटेल और जेई पवन कुमार अहके को मजबूरन सब स्टेशन का ताला खोलना पड़ा और प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू हुई।
स्टाम्प पेपर पर हुआ लिखित एग्रीमेंट
ग्रामीणों की एकजुटता और कड़े तेवर का ही परिणाम था कि मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी को तुरंत कार्रवाई करनी पड़ी। आंदोलन तब समाप्त हुआ जब कंपनी के अधिकारियों (जेई और एई) ने मृतक के पिता शिवनारायण भल्लावी के साथ स्टाम्प पेपर पर एक लिखित समझौता (राजीनामा) किया। यह समझौता दर्शाता है कि जनता के दबाव के आगे प्रशासनिक उदासीनता टिक नहीं पाई।
समझौते के प्रमुख बिन्दु
- कुल आर्थिक सहायता : परिवार को 13 लाख रुपए से अधिक
- बीमा : आउटसोर्स कंपनी द्वारा 5 लाख।
- क्षतिपूर्ति : विद्युत वितरण कंपनी द्वारा 4 लाख का अतिरिक्त मुआवजा।
- सरकारी योजना : संबल योजना के तहत 4 लाख की सहायता।
आश्रितों के लिए जीविका
रामप्रसाद भल्लावी के आश्रित एक व्यक्ति को आउटसोर्स फर्म कंपनी पेंशन देगी। मृतक के पिता शिवनारायण भल्लावी को विभाग में आउटसोर्स के माध्यम से काम पर रखा जाएगा।
यह ग्रामीण एकता की जीत है
हम रामप्रसाद को वापस तो नहीं ला सकते, लेकिन हमारे सामूहिक प्रयासों से उसके परिवार को जीविका उपार्जन के लिए सहारा दिया गया है। यह ग्रामीण एकता की जीत है।
आशुतोष शरण तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता








