इटारसी। मेजर ध्यानचंद की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्युत लोको शेड, इटारसी में खेल भावना और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन में शेड के विभिन्न अनुभागों से कुल 6 टीमों ने भाग लिया, जिनमें एडमिन 1, एडमिन 2, ई5, एम6, ई6, एवं पर्सनल अनुभाग की टीमें शामिल रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल विद्युत इंजीनियर मुफीद खान ने किया। उन्होंने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही और बताया कि खेलों से न केवल शारीरिक स्फूर्ति आती है, बल्कि कर्मचारियों की दक्षता एवं कार्य कुशलता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि शेड की निरंतर प्रगति और सफलताएं कर्मचारियों के ऐसे ही प्रयासों और उत्साह का परिणाम हैं।
प्रतियोगिता का संचालन खेल सचिव एवं बोगी अनुभाग के प्रभारी नरेंद्र जौहरवाल के नेतृत्व में हुआ। वॉलीबॉल प्रतियोगिता की व्यवस्था में अर्पित पुरोहित, गुरपाल सिंह, एवं बनवारी लाल मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में एडमिन 1, एडमिन 2, ई5, एवं ई6 की टीमों ने प्रवेश किया। पहले सेमीफाइनल में एडमिन 2 और ई5 के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें ई5 ने बाजी मारी। दूसरे सेमीफाइनल में एडमिन 1 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ई6 को हराया।
फाइनल मुकाबला एडमिन 1 और ई5 के बीच रेलवे यार्ड ग्राउंड में खेला गया। रोमांच से भरपूर यह मैच अंतिम सेट तक चला, जिसमें एडमिन 1 ने निर्णायक बढ़त लेते हुए ‘ध्यानचंद ट्रॉफी 2025’ पर कब्जा जमाया और विजेता बनी। समापन समारोह के दौरान मुफीद खान द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मनीष मीणा एवं एम प्रसाद को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।








