इटारसी। ठंड अब अपना असर दिखाने लगी है, धीरे-धीरे मौसम में ठंडक घुल रही है और लोगों को गर्म कपड़े पहनने के लिए मजबूर कर रही है। दिन का तापमान भले ही अभी ज्यादा कम नहीं हुआ हो, लेकिन शाम ढलते ही मौसम में ठंड का अहसास होने लगा है।
मौसम विभाग ने आगामी चौबीस घंटे में मध्यप्रदेश के दो संभागों के जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। अगले एक दिन में इन संभाग के जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर की संभावना जतायी जा रही है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले चौबीस घंटे में मध्यप्रदेश के छतरपुर व जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पिछले चौबीस घंटे के मौसम पर नजर दौड़ाएं तो लगभग सभी संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा। शहडोल, सागर, नर्मदापुरम और भोपाल संभागों के जिलों में तापमान सामान्य से काफी कम और शेष संभाग के जिलों में सामान्य से कम रहा। मप्र में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7 डिग्री उमरिया और नौगांव में दर्ज किया गया।