भोपाल। रेल यात्रा के दौरान यदि आप भी मोबाइल पर तेज आवाज में गाने सुनने, रील देखने या स्पीकर मोड पर वीडियो चलाने के शौकीन हैं, तो सावधान हो जाएं। आपकी जरा सी लापरवाही न केवल सह-यात्रियों का सुकून छीन सकती है, बल्कि आपकी जेब भी ढीली कर सकती है। रेलवे प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों और ट्रेनों में ध्वनि प्रदूषण को लेकर कड़ा रुख अपनाया है।
जन विश्वास (संशोधन प्रावधान) अधिनियम, 2026 के तहत रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 145 में किए गए संशोधनों के अनुसार, ट्रेन के कोच, प्लेटफॉर्म या प्रतीक्षालयों में दूसरों को असुविधा पहुँचाने पर ?1,000 तक का जुर्माना, छह महीने तक की जेल या दोनों का प्रावधान किया गया है।
ईयरफोन का करें इस्तेमाल
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भोपाल सौरभ कटारिया ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर के दौरान सह-यात्रियों की निजता और आराम का ध्यान रखें। विशेषकर रात के समय और एसी कोचों में मोबाइल की रिंगटोन धीमी रखें और कोई भी ऑडियो-वीडियो सामग्री सुनने के लिए ईयरफोन का ही उपयोग करें। पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल के जनसंपर्क अधिकारी ने संदेश दिया है ‘आपके मनोरंजन की सुविधा, दूसरों की परेशानी न बने।’ नियमों का पालन करें, ईयरफोन अपनाएं और सभी के लिए शांतिपूर्ण रेल यात्रा सुनिश्चित करने में सहयोग दें।











