इटारसी। मई माह के दूसरे पखवाड़े की शुरुआत के साथ ही शहर में भीषण गर्मी और पारे के बढ़ने से जल संकट गहराने लगा है। पानी की किल्लत से परेशान लोग अब सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। सोमवार को वार्ड क्रमांक 17 सोना सावरी नाका और बैंक कॉलोनी क्षेत्र में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब पानी वितरण के दौरान एक नपा के टैंकर चालक ने वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अभिषेक साहू और स्थानीय निवासियों के साथ अभद्रता कर दी। चालक पानी से भरा टैंकर वहीं छोड़कर चला गया, जिससे नाराज होकर करीब दो दर्जन से अधिक वार्ड वासी और कांग्रेस पदाधिकारी भरी दोपहरी में नगरपालिका कार्यालय पहुंच गए।
नगर पालिका में जमकर हुई नारेबाजी
नपा कार्यालय पहुंचे आक्रोशित नागरिकों और कांग्रेस नेताओं ने सीएमओ व अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति पर गहरा रोष जताया। वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा फोन न उठाए जाने से नाराज होकर कांग्रेस पदाधिकारी मयूर जायसवाल, गजानंद तिवारी, प्रतीक मालवीय, सौम्या दुबे, शुभम चौधरी सहित वार्ड वासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नपा अधिकारी राजेंद्र शर्मा के समझाने पर भी जब लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो स्थिति को संभालने खुद नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे मौके पर पहुंचे।
लापरवाह टैंकर चालक तत्काल हटाया
नपा अध्यक्ष पंकज चौरे ने वार्ड प्रतिनिधि अभिषेक साहू और उपस्थित महिलाओं व पुरुषों से जल संकट को लेकर विस्तार से चर्चा की। टैंकर चालक के इस अमर्यादित व्यवहार को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष ने मौके पर ही नपा अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे लापरवाह चालक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने वार्ड में नियमित और सुचारू रूप से टैंकर द्वारा पेयजल वितरण सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
दो दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो सूरजगंज चौराहे पर होगा धरना
नपा अध्यक्ष के आश्वासन के बावजूद, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जायसवाल और वार्ड प्रतिनिधि अभिषेक साहू ने साफ किया है कि वार्ड में जल संकट की स्थिति अब बर्दाश्त से बाहर हो चुकी है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन को दो दिनों का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि आगामी दो दिनों के भीतर वार्ड क्रमांक 17 में पानी की सप्लाई सुचारू नहीं की गई, तो कांग्रेस पदाधिकारियों और वार्ड वासियों द्वारा सूरजगंज चौराहे पर उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।इस मौके पर बड़ी संख्या में पीड़ित वार्ड वासी, महिलाएं और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












