इटारसी। जिले में बारिश का दौर फिर शुरु हो गया है। इटारसी सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों जमानी, तीखड़, बाबईखुर्द सहित अनेक गांवों में मूसलाधार वर्षा हो रही है। पहाड़ों पर भी बारिश का दौर चल रहा है, जो अभी जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं। पचमढ़ी और बैतूल जिले में बारिश का असर तवा बांध पर दिखाई देने लगा है और बांध का जलस्तर बढऩे लगा है। जुलाई माह में बांध का जलस्तर 1158 फिट तक रखना होता है, और इस लक्ष्य से बांध महज आधा फिट दूर है।
वर्षा जारी रहती है तो आज शाम तक बांध इस जलस्तर पर पहुंच सकता है, फिर बांध प्रबंधन पॉवर हाउस को पानी देगा। यदि लगातार बारिश हुई और इस जलस्तर से आगे पानी बढ़ा तो बांध के गेट खोले जा सकते हैं। जिले में हुई वर्षा पिछले चौबीस घंटे में जिले की नर्मदापुरम तहसील में 15.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इसी तरह से सिवनी मालवा में 64 मिमी, इटारसी में 16.4 मिमी, सोहागपुर में 43 मिमी, पचमढ़ी में 8.8 मिमी वर्षा हुई है। जिले में कुल 16.4 मिमी औसत वर्षा हुई है।
बांधों/नर्मदा की स्थिति
- तवा बांध 1157.50/1166 फिट
- बरगी बांध 418.70/422.76 मीटर
- बारना बांध 345.68/348.55 मीटर
- नर्मदा सेठानी घाट 937.90/967 फिट











