हमें सत्कर्म करते हुए दुनिया से चलने की पूरी तैयारी रखनी चाहिए
ग्राम पलासी में पं.भगवती प्रसाद तिवारी की सुपुत्र ने सुनाई भागवत कथा
इटारसी। ग्राम पलासी में आज 9 से 15 जनवरी 2023 तक श्रीमद्भागवत सत्संग राजपूत परिवार एवं ग्रामवासियों द्वारा किया जा रहा है। कथा समय दोपहर 1 से 4 बजे तक और प्रात: काल 6 से 7 बजे तक प्रतिदिन कथास्थल पर नि:शुल्क योगकक्षा पं. भगवती प्रसाद तिवारी एवं उनकी सुपुत्री महिमा तिवारी लगायी जाएंगी।
श्रीमद्भागवत कथा प्रसंग में प्रथम दिवस कलशयात्रा से शुभारंभ हुआ। कथा वाचक सुश्री महिमा तिवारी ने कहा कि जीवन में कथा का महत्व, भक्ति, श्री नारद संवाद, आत्मदेव, धुंधकारी उद्धार, सतगुरू श्री शुकदेव महाराज ने सम्राट परीक्षित को समझाया। परमात्मा के इस संसार में प्रत्येक मनुष्य को नाशवान सुखों को पाने के साथ साथ अविनाशी सुख, शांति आनंद प्राप्ति के लिए भी मनुष्य को प्रयास करते रहना चाहिए, क्योंकि नाशवान कितना भी इक_ा कर लीजिए, एक दिन तो अवश्य नाश होना ही है। हम सभी को चाहिए जिसका कभी नाश हो उस परम सत्य, परम सुख, परम आनंद प्राप्त करने हेतु जीवन मिला है।
हर दिन हम सभी की आयु कम होती जा रही है, कोई सा भी दिन हमारा आखिरी हो सकता है। इसलिए प्रतिदिन हमें सत्कर्म करते हुए दुनिया से चलने की पूरी तैयारी रखनी चाहिए। राजा परीक्षित को अचानक श्राप मिला सातवें दिन मृत्यु हो जाएगी। राजा ने सतगुरू श्री शुकदेव जी महाराज की शरण में जाकर नाशवान सुखों को छोड़कर अविनाशी परम सुख को प्राप्त किया।
सुश्री तिवारी ने कहा कि सत्संग में अपने तन के साथ-साथ मन को भी लेकर आना चाहिए। सत्संग से हमें समझ मिलती है, जो श्रेष्ठ जीवन जीने में सहायक है।
सत्संग से सत्य को जानना है और सत्य वह है, जो हर काल में मौजूद रहता है, जिसमें परिवर्तन नहीं होता है। केवल ईश्वर ही सत्य है। भगवान का सच्चा भक्त बनने का प्रयास करना चाहिए। जितनी देर पूजा करते हैं सिर्फ उतनी देर के नहीं 24 घंटे भगवान के भक्त बने रहना आवश्यक है। कथा सुनकर जीवन में परिवर्तन आना चाहिए।