इटारसी। शहर के मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। शाम करीब साढ़े छह बजे से ही बादलों की गड़गड़ाहट के साथ अचानक तेज हवाओं का दौर शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते रिमझिम फुहारों का रूप ले लिया। समय बीतने के साथ ही शाम साढ़े सात बजे के बाद बारिश ने तेजी दिखाई और झमाझम बारिश से शहर की सड़कें पूरी तरह तरबतर हो गईं।
इस मानसूनी बारिश से जहाँ एक ओर मौसम में आंशिक ठंडक घुलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली, वहीं दूसरी ओर घर के भीतर उमस ने नागरिकों को जमकर बेहाल किया। इसके अलावा, अचानक हुई तेज बारिश के कारण निचले इलाकों और गड्ढों वाली सड़कों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अंधेरे में डूबा शहर
मौसम के इस बदले मिजाज का सीधा असर शहर की बिजली व्यवस्था पर पड़ा। तेज हवा और मूसलाधार बारिश के चलते कई क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह भंग हो गई। शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही, जिसके कारण नागरिकों को खासी दिक्कतों से जूझना पड़ा। विद्युत अमला व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास में जुटा रहा।









