भोपाल। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहा और कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया, जो मंदसौर और रतलाम में सर्वाधिक 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आई है, जिसमें करौंदी कटनी में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री रिकॉर्ड किया। राजधानी भोपाल में भी मौसम साफ रहा और अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री दर्ज किया गया।
सिनोष्टिक मौसमी परिस्थितियों के तहत, पूर्व-मध्य तथा संलग्न दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके आगामी 24 से 48 घंटों में और अधिक तीव्र होकर चक्रवातीय तूफान में बदलने की संभावना है। हालांकि, इसका असर फिलहाल मध्य प्रदेश के मौसम पर नहीं पड़ेगा और आगामी 24 घंटों के दौरान भोपाल तथा आसपास के क्षेत्रों में आकाश मुख्यत: साफ रहने तथा अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना से इंकार किया है।









