इटारसी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के रीवा, शहडोल और सागर संभागों के कुछ जिलों में छिटपुट वर्षा दर्ज की गई, जबकि अन्य संभागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा।
सबसे अधिक तापमान 30.6°C बालाघाट (पाला) और खरगौन में दर्ज किया गया, वहीं दमोह में न्यूनतम तापमान 14.5°C रिकॉर्ड किया गया। भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 26.2°C और न्यूनतम तापमान 15.2°C दर्ज किया गया। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे अवदाब (Deep Depression) के चक्रवातीय तूफान में बदलने की संभावना को देखते हुए, मौसम विभाग ने आगामी दिनों में कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और 30-40 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे मिट्टी की नमी को ध्यान में रखते हुए तोरिया, सरसों और चना जैसी कम पानी की फसलों की बुआई के लिए अपनी तैयारी पूरी रखें।









