इटारसी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के भोपाल केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के रीवा और सागर संभागों में अनेक स्थानों पर, ग्वालियर, चंबल व शहडोल संभागों में कुछ स्थानों पर तथा भोपाल, नर्मदापुरम और जबलपुर संभागों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई है।
इस दौरान सबसे अधिक तापमान खरगौन में 32.0°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.0°C सिवनी में रहा। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण राज्य के कई जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और 30-40 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। मौसम में आए इस बदलाव को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को तोरिया और सरसों की बुआई शुरू करने तथा सीमित जल उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए कम पानी वाली रबी फसलों को प्राथमिकता देने की सलाह दी है।









