भोपाल। मध्य प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज शाम राज्य के बड़े हिस्से में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली चमकने (वज्रपात) की संभावना है।
इन क्षेत्रों में तीव्र मौसम का अनुमान
इंदौर, देवास, हरदा, खंडवा (ओंकारेश्वर), खरगोन (महेश्वर), सीहोर, सिवनी, डिंडोरी, और नर्मदापुरम (पचमढ़ी) सहित पन्ना, सतना (चित्रकूट), मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया (बांधवगढ़), मंडला (कान्हा), बालाघाट, शहडोल और अनूपपुर (अमरकंटक) जिलों में मध्यम से तीव्र आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
यहां भी दिखेगा असर (हल्की बारिश और गरज-चमक)
इसके अलावा भोपाल (बैरागढ़), उज्जैन (महाकालेश्वर), जबलपुर (भेड़ाघाट), ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, सागर, छतरपुर (खजुराहो), विदिशा, रायसेन, धार (मांडू), और बुरहानपुर समेत प्रदेश के लगभग तीन दर्जन अन्य जिलों में हल्के आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली चमकने और हल्की बौछारें पडऩे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग न करने और पेड़ों या जर्जर मकानों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है।









