इटारसी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रीवा-चारलापल्ली-रीवा के मध्य विशेष किराये पर साप्ताहिक सुपरफास्ट समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। भोपाल रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, यह गाड़ी (02158/02157) जून महीने में दोनों दिशाओं से 4-4 फेरे लगाएगी, जिसका लाभ बीना, रानी कमलापति और इटारसी सहित कई प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को मिलेगा।
गाड़ी संख्या 02158 रीवा से चारलापल्ली 7 जून से 28 जून तक प्रत्येक रविवार को रीवा से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। यह उसी दिन रात 21:40 बजे रानी कमलापति और रात 23:05 बजे इटारसी स्टेशन पहुंचेगी, जहां से आगे बढ़कर अगले दिन दोपहर 14:45 बजे चारलापल्ली पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 02157 चारलापल्ली से रीवा ट्रेन 8 जून से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार को चारलापल्ली से शाम 17 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 07:30 बजे इटारसी, सुबह 08:00 बजे रानी कमलापति व सुबह 11:40 बजे बीना होते हुए शाम 19:30 बजे रीवा पहुंचेगी।
कुल 24 कोचों वाली इस ट्रेन में 04 सामान्य, 12 स्लीपर, 04 थर्ड एसी, 01 सेकंड एसी और 01 फर्स्ट कम सैकंड एसी कोच शामिल होंगे। मार्ग में यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सतना, मैहर, कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, बैतूल, आमला, नागपुर और बल्हारशाह स्टेशनों पर रुकेगी। यात्री विस्तृत जानकारी रेलवे की वेबसाइट या रेल मदद 139 से ले सकते हैं।












