इटारसी । वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ (WCRMS) के महामंत्री अशोक शर्मा को नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेन (NFIR) के 31वें राष्ट्रीय अधिवेशन में नवनिर्वाचित ज्वाइंट जनरल सेक्रेटरी के रूप में चुना गया है। यह जबलपुर जोन और पूरे वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
दिल्ली में रैली, भोपाल में स्वागत
श्री शर्मा के चुनाव से पहले, 3 सितंबर को दिल्ली में एक रैली का आयोजन किया गया था, जिसमें देशभर से सैकड़ों रेलवे कर्मचारियों ने भाग लिया। इस रैली में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, निजीकरण का विरोध करने और आठवें वेतन आयोग की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया। दिल्ली से भोपाल लौटने पर, श्री शर्मा का स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के सैकड़ों युवाओं ने ढोल-धमाकों और माल्यार्पण के साथ उनका अभिनंदन किया और मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।
इस दौरान बी.एल. मिश्रा, कमलेश परिहार, जावेद नियाजी, आर.के. शर्मा, नितिन परमार, संजय कटारे, और अनिरुद्ध सोनी सहित कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद थे।
इटारसी से कार्यकर्ताओं ने की शिरकत
श्री शर्मा के स्वागत के लिए भोपाल में उनके निवास स्थान पर भी कार्यकर्ताओं ने उनका मुंह मीठा कराया। इस अवसर पर डब्ल्यूसीआरएमएस इटारसी के शीर्ष नेतृत्व, जिसमें भागीरथ मीणा, कुंदन अगलावे, संजय कैचे, मुख्यालय कार्यकारिणी सदस्य राजेश गौर, महाकाल कश्यप, नितिन ओंकार, आकाश यादव, तरुण शुक्ला, राजेश यादव, गुलाब सरोदे, आर.के. श्रीवास्तव, संतोष चतुर्वेदी, अर्जुन, योगेश चौरे, और प्रीतम तिवारी ने दिल्ली की रैली में भाग लिया और श्री शर्मा को उनके नए पद के लिए बधाई दी। यह जानकारी मुख्य शाखा की अध्यक्ष प्रीतम तिवारी द्वारा दी गई।








