- सेरेब्रल इन्फाक्र्ट और मल्टी ऑर्गन डिस्फंक्शन से जूझ रहे थे रामगोपाल टोकसे, कलेक्टर की त्वरित पहल से बची जान
- जिला प्रशासन की तत्परता, सीहोर प्रशासन के साथ मिलकर ट्राइडेंट हेलीपैड से सुरक्षित रवाना किया जीवन
नर्मदापुरम। जब जिंदगी और मौत के बीच फासला चंद सांसों का रह जाए, तो वक्त की हर एक सेकंड बेशकीमती हो जाती है। ऐसा ही कुछ नर्मदापुरम जिले में देखने को मिला, जहां स्वास्थ्य इतिहास में पहली बार मध्य प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी ‘पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा’ एक गंभीर मरीज के लिए साक्षात देवदूत बनकर सामने आई। बहुअंग विफलता (मल्टी ऑर्गन डिस्फंक्शन) जैसी अत्यंत गंभीर स्थिति से जूझ रहे 83 वर्षीय बुजुर्ग रामगोपाल टोकसे को जिला प्रशासन की मुस्तैदी के चलते हवा के रास्ते (वायु मार्ग) बेहद सुरक्षित तरीके से नागपुर के उच्च स्तरीय अस्पताल पहुंचाया गया।
वक्त रहते मिला ‘संजीवनी’ का साथ
जानकारी के अनुसार, रामगोपाल टोकसे सेरेब्रल इन्फाक्र्ट, इलेक्ट्रोलाइट इम्बैलेंस एवं मल्टी ऑर्गन डिस्फंक्शन जैसी अति-गंभीर बीमारियों की चपेट में थे। स्थानीय चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल देश के किसी उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की सलाह दी थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने पलक झपकते ही कमान संभाली और जिला प्रशासन को निर्देशित कर पीएम श्री एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
संकट के समय दिखा दो जिलों का अद्भुत समन्वय
मरीज को बिना किसी बाधा के एयरलिफ्ट किया जा सके, इसके लिए नर्मदापुरम जिला प्रशासन ने अभूतपूर्व तत्परता दिखाई। नर्मदापुरम प्रशासन ने पड़ोसी सीहोर जिला प्रशासन से संपर्क साधा और दोनों जिलों के बेहतरीन तालमेल के चलते ट्राइडेंट कंपनी के हेलीपैड को इस जीवन रक्षक अभियान के लिए तैयार किया। डॉक्टरों की देखरेख में मरीज को सुरक्षित तरीके से हेलीपैड लाया गया और वहां से एयर एम्बुलेंस ने नागपुर स्थित विवेका हॉस्पिटल के लिए उड़ान भरी।
गवाह बने ये पल : मौके पर मुस्तैद रहा अमला
इस ऐतिहासिक और भावुक कर देने वाले रेस्क्यू मिशन के दौरान हेलीपैड पर प्रशासनिक अमला और डॉक्टरों की टीम पल-पल की मॉनिटरिंग करती रही। इस मौके पर मुख्य रूप से अनिल जैन अपर कलेक्टर, डॉ. बबीता राठौर डिप्टी कलेक्टर, नरसिंह गहलोत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिले के वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रशासनिक अधिकारियों का दल।
पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा: उम्मीदों की नई उड़ान
मध्य प्रदेश शासन द्वारा शुरू की गई यह सेवा प्रदेश के नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस सेवा का मुख्य उद्देश्य धन या दूरी की वजह से किसी गरीब या गंभीर मरीज का इलाज न रुके, यह सुनिश्चित करना है। यातायात के जाम से मुक्त होकर सीधे गंतव्य तक पहुंच। इन-बिल्ट लाइफ सपोर्ट सिस्टम से लैस चलती-फिरती आईसीयू। प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के किसी भी बड़े अस्पताल तक मरीजों की त्वरित पहुंच।
नर्मदापुरम जिला प्रशासन की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि शासन की योजनाएं यदि सही हाथों में हों, तो वे सिर्फ नीतियां नहीं, बल्कि किसी के घर का बुझता हुआ चिराग बचाने का जरिया बन जाती हैं। टोकसे परिवार ने इस त्वरित मदद के लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया है।











