इटारसी। पुराना बस स्टैंड स्थित एक पान दुकान संचालक के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, नरेश यादव 57 वर्ष की दुकान से आरोपी रजत तोमर ने सामान खरीदा, लेकिन जब नरेश ने पैसे मांगे, तो आरोपी ने पैसे देने के बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने संचालक के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुरानी रंजिश में मारपीट
शहर के बजरंगपुरा क्षेत्र में राज टाकीज के पास कंचन होटल के सामने मारपीट की घटना हुई है। यहां अनिल बामने 41 वर्ष के साथ सुरेश उर्फ गोरा नामक व्यक्ति ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद पीडि़त ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
केसला में किसान के खेत पर चोरी
थाना केसला के अंतर्गत आने वाले ग्राम भरगदा में चोरों ने एक किसान को निशाना बनाया। फरियादी बनवारी लाल बारस्कर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच अज्ञात बदमाशों ने उनके खेत से एक सिंचाई पंप, बिजली के वायर चुरा लिए हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 25,000 रुपये बताई जा रही है। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।







