सोहागपुर। नर्मदापुरम जिले की सोहागपुर पुलिस ने एक सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह से ताल्लुक रखने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से चोरी किए गए पूर 5 लाख 50 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं।
क्या थी घटना?
बीती 23 अप्रैल 2026 को सेमरी हरचंद निवासी अनाज व्यापारी पराग शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके अकाउंटेंट और परिचित रजिस्ट्री कार्य के लिए थार गाड़ी से सोहागपुर आए थे। भारतीय स्टेट बैंक से 5.50 लाख रुपए निकालकर वे केनरा बैंक पहुंचे और गाड़ी खड़ी कर अंदर चले गए। इसी बीच किसी अज्ञात महिला ने मौका पाकर गाड़ी में रखा नकदी से भरा बैग पार कर दिया।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस थोटा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने शहर के मुख्य मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सूक्ष्म विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कडिय़ां राजगढ़ जिले के कुख्यात कडिय़ा सांसी गांव से जुड़ीं।
राजगढ़ में दबिश देकर महिला को दबोचा

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल राजगढ़ जिले के थाना बोड़ा अंतर्गत ग्राम कडिय़ा सांसी में दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी महिला सुधा उर्फ सुगना पति अजब सिंह को हिरासत में लिया। सघन पूछताछ और तलाशी के दौरान महिला के पास से चोरी की गई पूरी राशि 5,50,000 रुपए बरामद कर ली गई। इस त्वरित कार्रवाई में सोहागपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल रायकवार, उपनिरीक्षक राहुल पटेल, सउनि मनोज राजपूत सहित पूरी टीम विनोद नागर, मंजूलता परते, मनोहर दायमा, राजकुमार यादव, विवेक सोनपुरे और सुनील ओझा की सराहनीय भूमिका रही।










