- महिला बाल विकास विभाग के सहयोग से मुस्कराईये इंडिया फाउंडेशन और मुस्कान संस्था का आयोजन
इटारसी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर, महिला बाल विकास द्वारा मुस्कान संस्था सहयोग से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 8 मार्च 2025 को मुस्कान संस्था में होगा, जिसमें महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहीं महिलाओं एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में उन महिलाओं और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। साथ ही अच्छे कार्यों में निरंतर सेवा दे रहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा कार्यकर्ता का सम्मान, स्व सहायता समूह का सम्मान होगा।
इसी के साथ अन्य गतिविधियों में महिलाओं के सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के लिए रोचक कार्यक्रम एवं इंटरैक्टिव सेशंस, आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला उद्यमियों के लिए नि:शुल्क स्टॉल्स, छोटे स्तर पर कार्य कर रहीं महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए नि:शुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे। इन स्टाल्स में केवल हाथ से बने उत्पादों की बिक्री की अनुमति होगी। स्टॉल नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। शक्ति सदन (महिला स्वाधार गृह) या बालिका गृहों में रह रहीं महिलाओं के हस्तनिर्मित उत्पाद प्रदर्शित किये जायेंगे।
गौरतलब है कि मुस्कान परिवार विगत कई वर्षों से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहा है। वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करता है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। मंगल दिवस के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की गोद भराई के साथ नन्हे मुन्ने बच्चों का जन्मदिन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा निर्मित पोषण थाली प्रतियोगिता का आयोजन 8 मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।