सिवनी मालवा। डॉ भीमराव अंबेडकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोनोग्राफी बिना सूचना के बंद होने पर महिलाओं ने जिला भाजपा अध्यक्ष प्रीति शुक्ला से शिकायत की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सोनोग्राफी की जाती है परंतु सोमवार को सोनोग्राफी बंद रही। बिना सूचना के सोनोग्राफी बंद करने से अस्पताल में दर्जनों महिलाएं परेशान रहीं। शिकायत के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला अस्पताल में महिलाओं का हाल जानने पहुंचीं। महिलाओं ने बताया कि हम नवलगांव, धर्मकुंडी, फरीदपुर जैसे दूर दराज के गांव से सोनोग्राफी करवाने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आए हैं, परंतु यहां आकर पता चला कि सोनोग्राफी आज नहीं होगी, जिसके बाद प्रीति शुक्ला ने ड्यूटी डॉक्टर ऋषि चौबे से इस संदर्भ में जानकारी मांगी।
उन्होंने बताया कि डॉ शेखर रघुवंशी सोनोग्राफी करते हैं, परंतु वो मीटिंग में बाहर गए हैं। डॉ शेखर रघुवंशी को फोन लाकर इस विषय में जानकारी मांगी तो उन्होंने बताया कि मीटिंग में हूं, सूचना कर दी थी परंतु कुछ महिलाएं आ जाती हैं। प्रीति शुक्ला ने नाराजी जताते हुए कहा कि अगर सूचना हो जाती तो महिलाएं घंटों से परेशान नहीं होतीं। आगे से सूचना हो जाए और महिलाएं परेशान ना हो इस विषय में समझाइश दी गई।
अस्पताल में मौजूद मरीजों ने बताया कि डॉक्टर नहीं होने से हमें आए दिन परेशान का सामना करना पड़ता है। छोटी-छोटी से बीमारी में हमें बाहर रेफर कर दिया जाता है। डॉक्टरों का अस्पताल में पहुंचना बहुत जरूरी है। अस्वस्थ होने से कई जान जोखिम में जा चुकी है, परंतु कोई सुनने वाला नहीं है, अस्पताल भगवान भरोसे चल रहा है।