इटारसी। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी ने शुक्रवार को इटारसी में तीखे तेवर दिखाए। होटल एक्सप्रेस इलेवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार को महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार और क्षेत्रीय उपेक्षा के मुद्दों पर जमकर घेरा। बौरासी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस अब केवल दफ्तरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जमीन पर उतरकर सरकार की विफलताओं का पर्दाफाश करेगी।
रीना बौरासी ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि नर्मदा संरक्षण के नाम पर करोड़ों के पौधों का बड़ा घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा, नर्मदा किनारे करोड़ों पौधे लगाने का दावा कर सरकारी खजाने को लूटा गया। आज धरातल पर न वे पौधे हैं और न ही भ्रष्टाचार करने वालों पर कोई कार्रवाई हुई। सरकार इस महाघोटाले को दबाने में जुटी है। साथ ही उन्होंने नर्मदा में मिल रहे ड्रेनेज के पानी, रसायनिक कचरे और धड़ल्ले से चल रहे अवैध रेत खनन पर गहरी चिंता जताते हुए इसे तत्काल रोकने की मांग की।
चुनाव में लाड़ली, अब मिल रही धमकियां
प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बौरासी ने महू में स्कूली छात्रा से दुष्कर्म और इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों का उदाहरण दिया। उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि वे महिलाओं की वास्तविक सुरक्षा स्थिति को परखने के लिए स्वयं नाइट स्टिंग करेंगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो महिलाएं चुनाव के समय भाजपा के लिए लाड़ली थीं, आज उन्हें ही अपनी आवाज उठाने पर धमकाया जा रहा है।
न मेडिकल कॉलेज मिला, ना विश्वविद्यालय
क्षेत्रीय मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के ढाई दशक के शासन के बाद भी नर्मदापुरम जिला मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। उन्होंने मांग की कि जिले में अविलंब मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय की स्थापना की जाए, किसानों के हित में गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3000 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए।
2028 में कांग्रेस की सरकार का दावा
पार्टी में मची भगदड़ और दलबदल पर उन्होंने कहा कि जाने वाले लोग या तो स्वार्थी थे या किसी दबाव में डरे हुए थे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस और अधिक मजबूत होकर उभरेगी और 2028 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने जल्द ही महिला कांग्रेस की जिला व नगर इकाइयों में नई नियुक्तियों के संकेत भी दिए। पत्रकार वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष शिवाकांत पांडेय, नगराध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नीलम गांधी, ओम सेन सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।









