इटारसी। श्रावण मास केवल भोलेनाथ के अभिषेक के लिए ही नहीं, बल्कि भगवान श्री कृष्ण और राधा रानी को समर्पित पावन ‘सावन झूलों’ के लिए भी जाना जाता है। ब्रज की इसी पावन परंपरा का उत्साह इन दिनों इटारसी शहर के मंदिरों, मोहल्लों और घरों में देखने को मिल रहा है।
नगर में वैष्णव जन परिवारों की सहभागिता से झूलोत्सव और भक्ति रस से सराबोर भजनोत्सवों के भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। इसी श्रंखला में आज श्रीमती रीटा चंद्रकांत अग्रवाल की मेजबानी में उनके निज निवास पर एक रंगारंग एवं भक्तिमय सावन झूलोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भव्य रूप से सजाए चांदी के सुंदर झूले पर बाल कृष्ण एवं श्री राधा रानी की मनमोहक प्रतिमाओं को विराजमान किया गया।
समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति ने भक्ति गीतों और भजनों की मधुर धुनों के बीच भगवान श्री राधा-कृष्ण को झूला झुलाकर पुण्य लाभ कमाया। लगभग दो घंटे तक चले इस भक्तिमय उत्सव में भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया।











