इटारसी। महिला एवं बाल विकास विभाग संचालनालय के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर सुश्री सोनिया मीणा के मार्गदर्शन में, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में इटारसी में ‘फिट इंडिया वुमेंस वीक-2026Ó का आयोजन किया। भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा संचालित फिट इंडिया मूवमेंट के तहत 6 से 8 मार्च तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती ऋतू मेहरा, लेबर इंस्पेक्टर श्रीमती ज्योति अय्यर, सीडब्ल्यूसी सदस्य सारिका कटारे, खेल अधिकारी आरती शर्मा और जीवोदय संस्था की सचिव सिस्टर क्लारा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इन अतिथियों ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान और महिला जागरूकता के महत्व पर अपना प्रभावी उद्बोधन दिया।
पारंपरिक खेलों का उत्साह
महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना इटारसी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, किशोरियों और स्थानीय महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मैदान पर महिलाओं के बीच कबड्डी, खो-खो और पिड्डू (सितोलिया) जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। खेल के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का संदेश दिया गया।
प्रतियोगिताओं के अंत में सभी विजेता टीमों और प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार वितरित किए गए। पुरस्कारों में बास्केटबॉल, बैडमिंटन सेट और पेन सेट जैसी खेल व लेखन सामग्री प्रदान की गई।
नियमित योग और व्यायाम का संकल्प
प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती दीप्ति शुक्ला ने बताया कि इस सप्ताह का मूल उद्देश्य महिलाओं को नियमित योग और खेल गतिविधियों से जोडऩा है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी महिलाओं और किशोरियों ने योग एवं व्यायाम को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस आयोजन में पर्यवेक्षक श्रीमती अर्चना बस्तवार, रेखा चौरे, परामर्शदाता गीता राजपूत, जेजेबी सदस्य श्वेता चौबे सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










